वन कर्मियों पर हमला करने वाले तीन बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, कार से ₹52,500 के जाली नोट बरामद
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में वन कर्मियों पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की कार की तलाशी में ₹500 के 105 जाली नोट बरामद होने से मामला और गंभीर हो गया। बरामद नकली करेंसी की कुल कीमत ₹52,500 है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। वन रेंज श्यामपुर में तैनात वन आरक्षी ललित कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, वन आरक्षी ललित कुमार और अश्विनी कुमार सरकारी ड्यूटी पर थे, तभी पांच लोगों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी, मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और नहर में फेंक दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला कर दोनों वन कर्मियों को घायल कर दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त सियाज कार की तलाशी लेने पर ₹500 के 105 जाली नोट, एक लोहे की रॉड, छह ए-4 साइज पेपर शीट, एक एटीएम कार्ड तथा बैंक बुकलेट बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आरोपियों की नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने के अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस पूरे फर्जी करेंसी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
• शिवम कश्यप पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गली नंबर-5, श्यामपुर, हरिद्वार।
• अनुल पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गली नंबर-5, श्यामपुर, हरिद्वार।
• विकास सिंह पुत्र नौबहार सिंह, निवासी कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) एवं प्रभारी कोतवाली श्यामपुर अवनी तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक मोहन कठैत, मुख्य उपनिरीक्षक रचना पठानिया, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, कांस्टेबल संदीप पुंडीर तथा होमगार्ड अंकित रावत शामिल रहे।