कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों में जुटी हरिद्वार पुलिस, यातायात व्यवस्था को लेकर ग्राउंड निरीक्षण
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेला-2026 को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है।

इसी क्रम में 18 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री निशा यादव ने राष्ट्रीय राजमार्ग-334, विभिन्न अंडरपास, फ्लाईओवर और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार आने वाले मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उनके साथ सीओ यातायात बिपेन्द्र सिंह और यातायात निरीक्षक हितेश कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान NHAI एवं निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ मेले से पहले सभी निर्माण एवं सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:
हरि लोक तिराहा स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास मिट्टी की लेवलिंग कर पैदल मार्ग को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए।

मोहनपुरी और बहादराबाद बाईपास के फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने को कहा गया।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से हरिद्वार मार्ग पर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने और टोल प्लाजा क्षेत्र के काम को एक माह में समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
पतंजलि से बढ़ेडी राजपूताना तक सर्विस रोड को गड्ढामुक्त और चौड़ा करने पर जोर दिया गया। बढ़ेडी राजपूताना से सालियर जंक्शन तक हाईवे के शेष कार्यों को मेले से पहले पूरा करने को कहा गया।

इसके अलावा, ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर नव-निर्मित हाईवे को हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक एवं आपातकालीन मार्ग के रूप में उपयोग करने की योजना तैयार की जाए।
SP यातायात निशा यादव ने कहा कि 15 दिनों के भीतर दोबारा निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस और संबंधित विभागों ने कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।