हरिद्वार में अपराध पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: 3 बड़ी घटनाओं का खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी से हड़कंप

हरिद्वार। एसएसपी का सख्त संदेश: अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर तीनों मामलों में पुलिस ने तेजी और सख्ती के साथ कार्रवाई की।
चाहे हत्या हो, महिला व बाल अपराध या गैंगस्टर गतिविधियां—हरिद्वार पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ज्वालापुर हत्याकांड: जमीन के लालच में मामा-भांजे ने दी सुपारी
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। रवि चौहान की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद के चलते मामा-भांजे ने डेढ़ लाख की सुपारी देकर हत्या करवाई।
हिस्ट्रीशीटर नदीम और उसके साथी दानिश अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि पहले शराब पिलाई गई, फिर गला घोंटकर शव को रानीपुर झाल में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से बाइक और ₹61,000 नकद बरामद किए हैं, जबकि साजिश रचने वाले फरार हैं।

श्यामपुर में मासूम से छेड़खानी: घंटों में आरोपी गिरफ्तार
श्यामपुर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची के साथ अशोभनीय हरकत के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कुमार बाबा को गिरफ्तार कर लिया। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपी को तिरछा पुल क्षेत्र से दबोच लिया।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश था, लेकिन पुलिस की तत्परता से लोगों में भरोसा बढ़ा है।

रानीपुर फायरिंग कांड: ‘BAAZ’ गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
रानीपुर क्षेत्र में BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया।
इंस्टाग्राम पर ‘BAAZ’ नाम से सक्रिय गैंग के 5 आरोपियों (2 नाबालिग सहित) को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के पास से 2 तमंचे और 3 चाकू बरामद हुए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गैंग इलाके में दहशत फैलाकर वर्चस्व कायम करना चाहता था। पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।





