हरिद्वार: ऑपरेशन प्रहार में 5 महिलाएं गिरफ्तार, आपसी विवाद ने लिया झगड़े का रूप
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शांति व्यवस्था भंग करने और आपसी विवाद को लेकर की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों की महिलाओं को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है, ताकि किसी बड़े अपराध या कानून-व्यवस्था की स्थिति को रोका जा सके।

पुलिस के अनुसार, शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू हो गई थीं। जांच में सामने आया कि यह विवाद राह चलते लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया।

गिरफ्तार महिलाएं: पहले पक्ष से सुमन, कविता और कीर्ति (जनपद बिजनौर निवासी) तथा दूसरे पक्ष से निशा (दिल्ली निवासी) और नैना (हरिद्वार निवासी) को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मायापुर व पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





