काली फिल्म और अवैध हूटर का रौब पड़ा भारी, तीन युवक दबोचे
हरिद्वार: चारधाम यात्रा के बीच सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर रौब दिखाना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस ने काली फिल्म और अवैध हूटर लगी लाल रंग की स्विफ्ट कार में घूम रहे युवकों को पकड़ लिया। मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई और हूटर हटाकर वाहन को जब्त कर लिया गया।

नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियम तोड़ने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

इसी क्रम में थाना श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लाहड़पुर चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान लाल रंग की स्विफ्ट कार (DL2CBB3257) को रोका। जांच में पाया गया कि कार के शीशों पर काली फिल्म लगी थी और उसमें अवैध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वाहन में सवार तीन युवक—विनीत त्यागी (23), पियूष त्यागी (22) और शिवम त्यागी (28), निवासी गाजियाबाद व मेरठ—नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





