हरिद्वार में “ऑपरेशन प्रहार” का डबल एक्शन: 300 किलो गौमांस के साथ 4 गिरफ्तार, पत्नी से मारपीट करने वाला भी हिरासत में

हरिद्वार में “ऑपरेशन प्रहार” का डबल एक्शन: 300 किलो गौमांस के साथ 4 गिरफ्तार, पत्नी से मारपीट करने वाला भी हिरासत में

हरिद्वार के रानीपुर क्षेत्र में पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” जोरदार एक्शन में नजर आया। एक तरफ जहां अवैध गौमांस के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर पत्नी के साथ मारपीट और हुड़दंग करने वाले एक व्यक्ति को भी पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर कानून का सख्त संदेश दिया।

गौमांस तस्करी का भंडाफोड़, 300 किलो मांस बरामद
कोतवाली रानीपुर पुलिस, उत्तराखंड गौवंश स्क्वाड और गढ़वाल परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने ग्राम दादूपुर गोविंदपुर में छापेमारी कर अवैध गौमांस कारोबार का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से करीब 300 किलो गौमांस और पशु कटान के उपकरण बरामद किए। इस कार्रवाई में अकरम, अजीम, आदिल और नसरत नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 पत्नी से मारपीट और हुड़दंग, आरोपी हिरासत में
दूसरी घटना में रानीपुर पुलिस ने सेक्टर-4, बीएचईएल क्षेत्र में एक व्यक्ति को नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ करते हुए पकड़ा। पुलिस के समझाने के बावजूद आरोपी लगातार हंगामा करता रहा।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बसंत को धारा 170 बीएनएस के तहत हिरासत में ले लिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।