कलियर में पांच साल की मासूम से दरिंदगी का आरोपी गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
कलियर। पिरान कलियर में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने तक चली जांच और लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर अपने साथ लिया था और फिर एक सुनसान खंडहर में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पकड़े जाने के डर से दिल्ली फरार हो गया था।

मामला 6 अक्टूबर 2026 का है। मोतीचूर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी एक व्यक्ति ने 7 अक्टूबर को कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पांच वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी और जल्द खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना थी, क्योंकि शुरुआत में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के नाम और फोटो के आधार पर छानबीन की। इसके साथ ही कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, रुड़की बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्र में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने बच्ची की ओर से बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध का स्केच भी तैयार कराया, जिससे तलाश को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

लगातार एक महीने तक की गई जांच के बाद 5 नवंबर को पुलिस टीम ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे एक पुलिया के पास से संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कलियर टीन शेड के पास बच्ची को अकेले देखा था। इसके बाद उसे खाने-पीने की चीज दिलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर पीएनबी बैंक के पास स्थित एक खंडहर में ले गया। वहां बारिश रुकने के बाद चीज दिलाने का भरोसा देकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना के बारे में न बताने की धमकी दी। बच्ची के बेहोश होने पर आरोपी उसे वहां छोड़कर चला गया।
वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अगली सुबह अपनी झोपड़ी उखाड़ दी और दिल्ली फरार हो गया था। पुलिस ने आखिरकार लगातार प्रयासों के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकन्दर उर्फ जमीं खां (35) पुत्र जकी खां निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कलियर में हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक योगेश, अमित नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक एकता ममगाईं सहित कोतवाली कलियर और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।