खंडहर बना था चोरी की बाइकों का ठिकाना, पथरी पुलिस ने दबोचे दो आरोपी; 9 स्प्लेंडर बरामद
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल नौ चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में से चार के संबंध में पथरी और कनखल थानों में पहले से मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में पथरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए वाहन चोरों की तलाश शुरू की।

चोरी की बाइक के साथ दो संदिग्ध गिरफ्तार
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस ने रविदास आश्रम, लक्सर रोड के पास दो संदिग्ध युवकों को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लिया।
पूछताछ और जांच में दोनों की वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शंखनाद कॉलोनी, लक्सर रोड के पास स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी गई आठ अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।

चार बाइकों के चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोबिन पुत्र वरुण सिंह, निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, उम्र 23 वर्ष और आदित्य चौहान पुत्र प्रमोद कुमार, निवासी हर्शीवाला, थाना लक्सर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। जांच के दौरान सामने आया कि बरामद नौ मोटरसाइकिलों में से तीन के संबंध में थाना पथरी और एक के संबंध में थाना कनखल में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। शेष मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थानों से संपर्क कर उनका सत्यापन कर रही है।
खंडहर में छिपाकर रखते थे चोरी की बाइक
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को सुनसान स्थान पर स्थित खंडहर में छिपाकर रखते थे। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची और उनकी निशानदेही पर एक ही स्थान से बड़ी संख्या में चोरी की बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की।
बरामद सभी मोटरसाइकिलों के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष पथरी, उपनिरीक्षक मोहन कठैत, चौकी प्रभारी फेरुपुर, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, हेमन्त, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, सोहन राणा, सुरेश, रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल नरेश बहुगुणा और बालक राम शामिल रहे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पथरी में नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।