हरिद्वार / रानीपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे माल निस्तारण अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वर्षों से मालखाने में जमा अवैध शराब के जखीरे को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दिनांक 30 अप्रैल 2026 को की गई। पुलिस द्वारा वर्ष 2024 और 2025 के दौरान विभिन्न मामलों में बरामद की गई अवैध देशी शराब के कुल 43 मालों को विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए विनिष्टीकरण किया गया। इस दौरान गठित कमेटी की मौजूदगी में हर माल का नमूना लेकर उसे मोहरबंद किया गया, जिसके बाद शेष शराब को नष्ट करते हुए नाले में बहा दिया गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और नियमों के तहत संपन्न कराया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। कमेटी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई: इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, तहसीलदार हरिद्वार और आबकारी निरीक्षक हरिद्वार की मौजूदगी में पूरी कार्यवाही संपन्न कराई गई। पुलिस टीम की भूमिका: इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार (मालखाना मोहर्रिर) और हेड कांस्टेबल कुम्पाल तोमर (हेड मोहर्रिर) शामिल रहे।