बड़ी खबर: ऋषिकेश मंडी में मोबाइल टावर पर चढ़ा पल्लेदार, मचा हड़कंप (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार/ऋषिकेश। कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आढ़तियों के यहां पल्लेदारी का काम करने वाला एक व्यक्ति मंडी कार्यालय के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पल्लेदार की पहचान हरीश के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हरीश अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ओर से हरीश से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, उससे संपर्क करने में परेशानी आ रही है। कभी वह फोन नहीं उठा रहा है तो कभी उसका नंबर व्यस्त आ रहा है। ऐसे में अधिकारी लगातार उससे बातचीत कर उसकी मांगों और टावर पर चढ़ने की वजह जानने का प्रयास कर रहे हैं।

घटना के बाद मंडी समिति परिसर में भी काफी हलचल बनी हुई है। पुलिसकर्मी और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हरीश को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है।
क्या हैं हरीश की मांगें?
मंडी समिति के सचिव एस. कालाकोटी ने बताया कि हरीश किन मांगों को लेकर टावर पर चढ़ा है, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं हो पाई है। उसका मोबाइल नंबर मिलाया जा रहा है, लेकिन वह लगातार व्यस्त आ रहा है। अधिकारियों की प्राथमिकता फिलहाल उसे सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद ही उसके टावर पर चढ़ने के कारण और मांगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस और मंडी समिति के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा हरीश से संपर्क कर उसे नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।