पटेलनगर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: खुखरी, स्मैक, चोरी की साइकिल और सट्टे पर कार्रवाई
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में पांच अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई में अवैध खुखरी लेकर घूम रहा युवक, स्मैक तस्करी का आरोपी, साइकिल चोरी करने वाला आरोपी, आईएसबीटी में सार्वजनिक रूप से हुड़दंग करने वाले तीन लोग और सट्टा खिलाने वाला व्यक्ति शामिल है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग, गश्त और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

आसन नदी पुल के पास खुखरी के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आसन नदी पुल के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक खुखरी बरामद हुई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शोभित पुत्र रमेश, निवासी बहादरपुर रोड, वृंदावन कॉलोनी, सेलाकुई, उम्र 28 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी आपराधिक वारदात की फिराक में घूम रहा था। खुखरी बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

13.33 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर पुलिस ने 13.33 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार पुत्र प्रीतम कुमार, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई। आरोप है कि वह स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचकर मुनाफा कमाने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

24 घंटे में साइकिल चोरी का खुलासा, सात साइकिलें बरामद
पटेलनगर पुलिस ने साइकिल चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर चोरी की कुल सात साइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को शोभा सिंह पुत्र महेंद्र ने घर से साइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सौरभ अरोड़ा पुत्र नरेश अरोड़ा, निवासी संजय कॉलोनी, थाना पटेलनगर, उम्र 27 वर्ष को चोरी की साइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से छह और चोरी की साइकिलें बरामद की गईं।
आईएसबीटी में सार्वजनिक विवाद पर तीन गिरफ्तार
आईएसबीटी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना पर पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मौके पर दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट कर रहे थे।
पुलिस ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता देख तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहिल पुत्र रहीश खान, निवासी आजाद कॉलोनी, लेन नंबर-5, पटेलनगर, उम्र 35 वर्ष, फरहान पुत्र बब्बल खान, उम्र 26 वर्ष तथा अफरीदी खान पुत्र बबलू खान, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थान पर बिगड़ रही कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करना और हुड़दंग रोकना था।

संडे मार्केट के पास सट्टा खिलाते आरोपी को पकड़ा
पटेलनगर पुलिस ने संडे मार्केट ग्राउंड के पास सट्टा खिलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों से सट्टा लगवा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से सट्टा कापी, पेन और 6,600 रुपये नकद बरामद हुए।
आरोपी की पहचान सुदेश राठौर पुत्र विक्रम सिंह, निवासी चंद्रमणि, थाना पटेलनगर, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी जूस की दुकान चलाता है और जल्द पैसा कमाने के लालच में सट्टा खिलाने लगा था। आरोप है कि वह लोगों से सट्टा लगवाकर जीतने वाले व्यक्ति को रकम देता और उसमें से अपना कमीशन काटता था।
आरोपी के खिलाफ 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक दिन में पांच कार्रवाई, पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में खलबली
पटेलनगर पुलिस की इन पांच अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध हथियार, नशे की तस्करी, चोरी, सार्वजनिक हुड़दंग और सट्टे जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है।