logo
Breaking News
● गोलियों की गूंज के बीच खुला हैप्पी हत्याकांड का राज, मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार ● 40 वर्षों से दुकान पर काबिज बलवीर सिंह चौहान ने सीएम पोर्टल पर की शिकायत, न्याय की लगाई गुहार ● राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में रिहान ने जीता मेडल, अब नेशनल कुश्ती में दिखाएगा दम (देखे वीडियो) ● पिरान कलियर में जायरीन-श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बने बड़ा भवन, मौसम अली ने अखिलेश यादव के सामने रखी मांग ● पिरान कलियर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगा पोषण मेला, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई ● 30 सितंबर को हरिद्वार में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला, 200 पदों पर भर्ती का मौका ● फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच की मांग, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन (देखे वीडियो) ● पिरान कलियर में गूंजा जश्न-ए-गौसुल आजम का पैगाम, रूहानी रंग में रंगा दरबार-ए-साबरी ● Instagram पोस्ट पर बवाल! गुलजार चौधरी व उनके साथी पहुंचे कलियर थाना, दी तहरीर ● दोनों भाइयों ने 13 सोलर लाइटों से पीरपुरा को किया रोशन ● ग्राम प्रधान मुजफ्फर अली ने 13 सोलर लाइटों से पीरपुरा को किया रोशन ● "सस्ते प्लॉट का सपना कहीं पड़ न जाए भारी, कृषि भूमि पर धड़ल्ले से काटी जा रही कॉलोनियां? ● पिरान कलियर में 23 सितंबर को सजेगी जश्न-ए-गौसुल आजम की महफिल, शाह गाजी मियां होंगे मुख्य अतिथि ● खंडहर बना था चोरी की बाइकों का ठिकाना, पथरी पुलिस ने दबोचे दो आरोपी; 9 स्प्लेंडर बरामद ● प्रेम संबंध में रोड़ा बना गोपाल तो पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश, हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
क्राइम

गोलियों की गूंज के बीच खुला हैप्पी हत्याकांड का राज, मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार

✍ Javed Ansari 🕒 26 Sep 2026, 03:54 PM
गोलियों की गूंज के बीच खुला हैप्पी हत्याकांड का राज, मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार

अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻

 

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के शान्तरशाह में हुए बहुचर्चित हैप्पी हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। आरोपियों की तलाश के दौरान देर रात नहर पटरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। 

14 सितंबर को गोली मारकर की गई थी हैप्पी की हत्या
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मु0अ0सं0 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। हत्याकांड के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।


चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर किया फायर
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के दौरान देर रात नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से सीधा फायर कर दिया और मोटरसाइकिल को मोड़कर कलियर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। दोनों बदमाश दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचे और नहर पटरी से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल छोड़कर झाड़ियों की आड़ में छिप गए।
पुलिस के अनुसार, झाड़ियों से बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली सरकारी वाहन की ड्राइवर साइड की खिड़की के नीचे जा लगी।


जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली
पुलिस टीम ने दोनों ओर से घेराबंदी करते हुए बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा। आरोप है कि इसके बावजूद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग जारी रखी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
कुछ देर बाद फायरिंग बंद हुई और पुलिस ने दोबारा आत्मसमर्पण के लिए कहा। इसके बाद झाड़ियों के पीछे से एक व्यक्ति के आत्मसमर्पण करने की आवाज आई। तलाशी के दौरान नदी की ओर जाने वाली ढलान पर एक युवक घायल अवस्था में मिला।
उसके बाएं पैर की पिंडली से खून बह रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष बताया।
पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए मेला अस्पताल हरिद्वार भेजा।


अस्पताल पहुंचे एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर
मुठभेड़ में बदमाश के घायल होने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा घायल आरोपी की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई।


एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को मामले में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए फरार बदमाश की गिरफ्तारी और हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच तेज करने के निर्देश दिए।


पुरानी रंजिश को बताया गया हत्या का कारण
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि वर्ष 2022 में इस्तकार उर्फ इस्तयाक, सहारनपुर निवासी अमजद की पुत्री को भगाकर ले गया था। इस मामले में थाना जनकपुरी में मुकदमा दर्ज हुआ था और इस्तकार की गिरफ्तारी हुई थी।


पुलिस के अनुसार, इस्तकार को शक था कि उसकी गिरफ्तारी में हैप्पी ने मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार कथित रूप से स्मैक के कारोबार में लिप्त हो गया था। हैप्पी द्वारा उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, लगातार बढ़ती रंजिश के बाद इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हैप्पी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
इन आरोपों और हत्या के कारणों की पुष्टि मामले की आगे की विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया में होगी।
आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद करने का दावा किया है—
315 बोर का एक तमंचा
315 बोर के दो खोखा कारतूस
315 बोर के दो जिंदा कारतूस
एक मोबाइल फोन
काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान दूसरा बदमाश पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीमों द्वारा उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के खुलासे और कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के लिए एसएसपी हरिद्वार की ओर से ₹2,500 तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से ₹5,000 के इनाम की घोषणा की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष।
मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments (0)