40 वर्षों से दुकान पर काबिज बलवीर सिंह चौहान ने सीएम पोर्टल पर की शिकायत, न्याय की लगाई गुहार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। रेलवे रोड स्थित चित्रा टॉकीज के सामने दुकान को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। करीब 40 वर्षों से दुकान पर काबिज बलवीर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने दूसरे पक्ष पर फर्जी तरीके से दुकान पर अपना हक जताने और दुकान खाली करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बलवीर सिंह चौहान ने बताया कि वह वर्ष 1986 से नगर निगम (तत्कालीन नगर पालिका) के नियमों के तहत वैध किराएदार के रूप में नाले के ऊपर बनी विस्थापित दुकान पर काबिज हैं। उनका कहना है कि वह लगातार संबंधित कर एवं अन्य देय राशि नियमानुसार जमा करते आ रहे हैं।

बलवीर सिंह के अनुसार, हाल ही में नगर निगम में दस्तावेज जमा कराने के दौरान एक अन्य पक्ष ने खुद को उक्त दुकान का वारिस बताते हुए दुकान पर अपना अधिकार जताया। इसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष की ओर से दुकान खाली करने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उनसे कथित तौर पर मोटी रकम की मांग किए जाने और दुकान खाली नहीं करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

बलवीर सिंह चौहान ने अपनी शिकायत में वर्ष 2010 में जारी किए गए एक डिमांड ड्राफ्ट की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दुकान से जुड़े सभी दस्तावेजों और नगर निगम के अभिलेखों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नगर निगम के अभिलेखों में उनका नाम यथावत रखते हुए दुकान पर उनके कब्जे को बरकरार रखने की मांग की है।
अब सीएम पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत के बाद संबंधित विभाग की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, यह आने वाला समय बताएगा।