₹40 का पेट्रोल भरवाया, ₹9,500 लूटे और तमंचा दिखाकर दी गोली मारने की धमकी
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
भगवानपुर। सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का भगवानपुर पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹3,000, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर की रात दो युवक सिकन्दरपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पहले महज ₹40 का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारी को ₹200 का नोट दिया। कर्मचारी द्वारा ₹160 वापस करने के दौरान दोनों आरोपियों ने उसके हाथ में मौजूद करीब ₹9,500 रुपये पर झपट्टा मारकर लूट लिया। कर्मचारी ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया तो उन्होंने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
एसपी देहात अभय सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। इसी क्रम में 26 सितंबर की देर रात सिकन्दरपुर-सिरचन्दी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोक लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
लूट की रकम, बाइक और तमंचा बरामद
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹3,000 नकद, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार होने की कोशिश में थे, लेकिन चेकिंग के दौरान पुलिस की सक्रियता के चलते दोनों गिरफ्त में आ गए।
सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण, निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, जनपद सहारनपुर, उम्र 19 वर्ष तथा अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम, निवासी साधारणसिर, थाना नागल, जनपद सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में की है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान, उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, हेड कांस्टेबल सिकन्दर तोमर, कांस्टेबल रविन्द्र राणा, कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।