देहरादून से भागकर हरिद्वार पहुंचे युवकों ने तमंचे के बल पर लूटी बाइक, मोबाइल और पर्स
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिद्वार पहुंचे चार युवकों ने यहां तमंचे के बल पर बाइक सवार से लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। सिडकुल पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके दो साथी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास चार युवकों ने तमंचा दिखाकर उसकी पल्सर बाइक, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।
नवोदय स्कूल के सामने से दो आरोपी गिरफ्तार
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 23 सितंबर को रायपुर, देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे हरिद्वार आए थे।

शराब पीने के बाद बनाया लूट का प्लान
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को दीपक समेत चारों युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी किनारे शराब पी रहे थे। पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचे के बल पर रोक लिया और उसकी पल्सर बाइक, मोबाइल फोन तथा पर्स लूट लिया। वारदात के बाद चारों मौके से फरार हो गए।
दो साथी लूटी बाइक और मोबाइल बेचने गए
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके दो साथी लूटी गई बाइक और मोबाइल को बेचने के लिए गए हैं और अभी वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपित
दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ग्राम खागा, थाना खागा, जिला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर।
आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, निवासी ग्राम नगर, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।