logo
Breaking News
● पिरान कलियर रोड पर दर्दनाक हादसा, रहमतपुर निवासी 28 वर्षीय युवक की मौत ● रक्षाबंधन पर मुस्लिम युवाओं ने पेश की भाईचारे की मिसाल, हिंदू बहनों के लिए ई-रिक्शा सेवा की निःशुल्क ● बारिश ने खोली साबरी जामा मस्जिद की व्यवस्थाओं की पोल, दीवारों से रिसकर अंदर पहुंचा पानी ● ईद मिलादुन्नबी पर औन फाउंडेशन ने लगाया भव्य लंगर, साबरी चादर के जुलूस का किया पुरखुलूस इस्तकबाल ● कलियर उर्स में अपने ही घर जाना मुश्किल! क्या पार्किंग ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए रोके जा रहे स्थानीय लोग? ● उर्स मेले में बिजली के नाम पर दुकानदारों से हजारों की वसूली का आरोप, गरीब दुकानदार बोले—‘कमाई से पहले खर्च का बोझ’ ● हरिद्वार पुलिस ने ‘मगध साइबर गैंग’ का किया भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार ● रुड़की डबल मर्डर का चंद घंटों में खुलासा, सगा भाई गिरफ्तार ● रुड़की में चंद मिनटों में दो बहनों की हत्या, दिनदहाड़े डबल मर्डर से मचा हड़कंप ● जश्न-ए-खैरुल वरा में औन फाउंडेशन की मिसाल-ए-इंसानियत, अस्पतालों में मरीजों के बीच बांटे फल ● साबिर पाक के 758वें उर्स पर निःशुल्क मेडिकल कैंप का उद्घाटन ● जश्न-ए-खैरुल वरा के तहत रक्तदान शिविर, 50 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र ● बेडपुर चौक पर ढाबा स्वामी पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान (देखे वीडियो) ● अमजद सभासद की पहल लाई रंग, पिरान कलियर चौराहे के खराब CCTV कैमरे हुए चालू ● रुड़की में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल; दो फरार
क्राइम

कांवड़ मेले की भीड़ के बीच हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

✍ Javed Ansari 🕒 08 Aug 2026, 03:26 PM
कांवड़ मेले की भीड़ के बीच हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻

 

हरिद्वार। कांवड़ मेले की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच हरिद्वार पुलिस ने रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टिहरी विस्थापित कॉलोनी में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त किए गए 5 लाख रुपये की नगदी, घटना में प्रयुक्त टैम्पो, पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।


एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर टिहरी विस्थापित कॉलोनी में हुई चोरी का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रानीपुर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। वहीं सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहयोग और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। रानीपुर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी और एसओजी प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास रहने वाले लोगों और काम करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ के साथ ही क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।


CCTV से मिला टैम्पो का सुराग
जांच के दौरान पुलिस को घटना में इस्तेमाल किए गए एक टैम्पो का सुराग मिला। पुलिस ने टैम्पो के परमिट नंबर और उसकी गतिविधियों को ट्रेस करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद हरिद्वार जनपद के अलावा अन्य जनपदों में भी पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया टैम्पो बीएचईएल की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर जाने वाले तिराहे पर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान नीले रंग के टैम्पो को रोककर उसमें सवार संदिग्ध अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार सिंह निवासी टांडा माईदास, थाना नगीना, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया।


तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मृतक राजेन्द्र पाल के नाम का पुलिस कार्ड बरामद हुआ।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टैम्पो को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आए दो अन्य साथियों के नाम
पुलिस पूछताछ में अक्षय ने बताया कि उसने अपने साथी सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर 29 जुलाई की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
अक्षय की निशानदेही पर पुलिस टीम ने रावली महदूद, डैन्सो चौक के पास एटीएम के सामने वाली गली में स्थित एक मकान पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
सोनू सैनी पुत्र सतीश सैनी, निवासी टीबड़ी, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर।
सोनू शर्मा पुत्र रोहताश शर्मा, निवासी धामपुर जयत्रा, थाना धामपुर, जिला बिजनौर, हाल निवासी शिवनगर, जयन्तीपुर रोड, सीमापुर ब्रह्मपुरी, थाना कटघर, मुरादाबाद।
शराब पीने के बाद बनाई चोरी की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जुलाई की शाम शराब पीने के बाद उन्होंने बंद मकानों में चोरी करने की योजना बनाई थी। इसके बाद तीनों टैम्पो से टिहरी विस्थापित कॉलोनी पहुंचे। आरोपियों के मुताबिक गली नंबर ए-20 में एक मकान पर ताला लगा था और घर की लाइटें भी बंद थीं। उन्होंने पहले वहां चोरी का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।
इसके बाद उन्होंने पास के दूसरे मकान को निशाना बनाया। मकान का ताला तोड़कर आरोपी अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए।


अगले ही दिन पांच लाख रुपये में बेच दिए जेवर
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किए गए जेवरात को अगले ही दिन धामपुर में एक चलते-फिरते व्यापारी को पांच लाख रुपये में बेच दिया था।


चोरी की रकम आपस में बांटने के लिए तीनों आरोपी अक्षय के कमरे पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये की नगदी बरामद की है।
तीनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
अक्षय उर्फ गोलू के खिलाफ सिडकुल हरिद्वार और कोटद्वार में चोरी समेत 3 मुकदमे दर्ज हैं।
सोनू सैनी के खिलाफ धामपुर, नगीना, बिजनौर और कोटद्वार में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम समेत 7 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं सोनू शर्मा के खिलाफ धामपुर थाने में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम से संबंधित 3 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में सुसंगत धाराओं की वृद्धि करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, एसएसआई नन्दकिशोर ग्वाडी, चौकी प्रभारी गैस प्लांट चरण सिंह चौहान, उपनिरीक्षक राहुल थापा, अ0उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल करम तोमर, गम्भीर तोमर, प्रेम दानू, वीरेन्द्र जोशी, विजयपाल, दिग्पाल सिंह, अर्जुन रावत और गिरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
वहीं सीआईयू टीम की ओर से प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments (0)