हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म व लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स और बैटरी भी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर इस गंभीर मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना पथरी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि लगातार दबिश, तकनीकी जांच और सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करना पुलिस की प्रभावी कार्यशैली का प्रमाण है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि 7 जुलाई की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी तमंचे के बल पर घर में घुसे, महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके कानों से झुमके लूटकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को पथरी जंगल के पास चारों आरोपियों के संबंध में अहम सूचना मिली।

मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस ने पहले दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
शिवम पुत्र गम्भीर, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी (24 वर्ष)
शेखर पुत्र चादकीराम, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी (22 वर्ष)
अरुण पुत्र दलीप, निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी (23 वर्ष)
विकास पुत्र राजेन्द्र, निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, जनपद बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश (25 वर्ष)
बरामदगी
एक अवैध तमंचा
एक अवैध चाकू
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके
मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स एवं बैटरी

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विपिन कुमार (चौकी प्रभारी फेरूपुर), उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, मुकेश चौहान, जयपाल चौहान, राकेश नेगी तथा नारायण सिंह ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।