एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लक्सर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो बड़ी सफलताएं
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुंडाखेड़ा कलां में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से सोने-चांदी के कीमती आभूषण व वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं दूसरी कार्रवाई में दो संदिग्धों को अवैध .315 बोर तमंचे और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश एवं
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन में लक्सर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

30-31 अगस्त की रात ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। लक्सर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर निगरानी बढ़ाई और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने आशीष सैनी उर्फ गादड़ और ललित कुमार उर्फ पाशा, दोनों निवासी मुंडाखेड़ा कलां, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें शिकायतकर्ता के घर में नकदी और कीमती आभूषण रखे होने की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के कई आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने शशिकांत निवासी सेठपुर और मिलन निवासी बहादरपुर जट को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, पांच जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे थे। दोनों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।