फुलगढ़ गैंगरेप कांड का 5 दिन में खुलासा, हरिद्वार पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार(देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और उसके साथ आए युवक के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने महज पांच दिनों में खुलासा कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई दबिशों के आधार पर मामले में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। घटनास्थल पर एफएसएल टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, जबकि संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फुलगढ़ जंगल में कार्रवाई कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 12 जुलाई की रात सुल्तानपुर-लक्सर क्षेत्र से तीन युवक एक नाबालिग किशोरी को मोटरसाइकिल से फुलगढ़ जंगल के पास छोड़कर लौट गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने किशोरी के साथ आए युवक के साथ मारपीट की, जबकि मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री अपने एक साथी के साथ किशोरी को जंगल के भीतर ले गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने लगातार अभियान चलाते हुए तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल अनावरण किया।

रविन्द्र कुमार की कार्यशैली फिर बनी चर्चा का विषय
थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में इस हाई-प्रोफाइल मामले के त्वरित खुलासे की पुलिस महकमे में सराहना हो रही है। इससे पहले भी उन्होंने पिरान कलियर थाना प्रभारी रहते हुए अपहरण, हत्या, सामूहिक दुष्कर्म सहित कई संगीन मामलों का कम समय में सफल खुलासा किया था। थाना पथरी की कमान संभालने के बाद भी उन्होंने लूट, खूनी संघर्ष और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। फुलगढ़ गैंगरेप कांड का पांच दिनों में खुलासा उनकी तेज जांच, सटीक रणनीति और मजबूत पुलिसिंग का एक और उदाहरण माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में मोहित कुमार (25), सुमित (25), आशु (22), शुभम (22), महेश उर्फ मंत्री (29) और आकाश (23) निवासी ग्राम फुलगढ़, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विपिन कुमार (चौकी प्रभारी फेरूपुर), उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, हेड कांस्टेबल नारायण राणा, कांस्टेबल मुकेश चौहान, दीपक चौधरी, नारायण सिंह, राकेश नेगी तथा सीआईयू रुड़की की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।