रविदास शोभायात्रा के बाद दो गुटों में हिंसक टकराव, गोलियां चलीं, कई घायल, एक युवक की मौत की खबर भी आई सामने..


रुड़की: भगवानपुर थाना क्षेत्र में रविदास शोभायात्रा संपन्न होने के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। जानकारी के अनुसार शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था।

स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने शोभायात्रा को समय से पहले संपन्न कराया, लेकिन शोभायात्रा समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान फायरिंग और पथराव की सूचना है, वहीं कुछ घरों में आगजनी की घटनाएं भी बताई जा रही हैं।

घटना में तीन युवकों के गोली लगने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ स्थानीय सूत्रों द्वारा एक युवक की मौत की खबर भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बताया जा रही है कि आक्रोशित भीड़ शव को मौके से उठाने नहीं दे रही है, जिसके चलते मौके पर तनाव बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।