प्रॉपर्टी के लिए भाई बना कातिल! “लेडी किलर” जोया गिरफ्तार, राजपुर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

प्रॉपर्टी के लिए भाई बना कातिल! “लेडी किलर” जोया गिरफ्तार, राजपुर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

देहरादून। देहरादून में एक साल पहले हुए चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड का आखिरकार पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है।

 एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने फरार चल रही 25 हजार की ईनामी आरोपी हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मामले में शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही हत्या की साजिश रची थी।

एसपी सिटी बोले- भाई ने ही लिखी थी मौत की पटकथा
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 26 मई 2025 को थाना राजपुर क्षेत्र के जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में पूरा मामला हत्या का निकला। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक और उसके भाई अमित भटेजा के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी लालच में अमित ने अपने भाई की हत्या करवाने के लिए राजन उर्फ जैकी को सुपारी दी थी।

मैक्स अस्पताल का बहाना, रात में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक आरोपी राजन अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया और अन्य साथियों के साथ देहरादून पहुंचा था। सभी पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती एक परिचित को देखने के बहाने आए और फिर रात में अजय के घर रुके। योजना के तहत अजय को शराब पिलाई गई और उससे प्रॉपर्टी के दस्तावेज मांगने की कोशिश की गई। जब उसने इनकार किया तो राजन ने मारपीट के बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश
वारदात के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस जांच में सामने आया कि शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी सफल नहीं हो सके। इसके बाद कमरे की सफाई कर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और कुछ जरूरी कागजात भी अपने साथ ले गए और फिर बस से सहारनपुर फरार हो गए।

सहारनपुर से दबोची गई “लेडी किलर”
लगातार फरार चल रही हुमेरा उर्फ जोया पुत्री पप्पू निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर को पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या की साजिश रचने वाला अमित भटेजा अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने खोला ब्लाइंड मर्डर केस पूरे मामले के खुलासे में थाना राजपुर प्रभारी पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक सीमा चौहान, कांस्टेबल विशाल कुमार तथा एसओजी टीम के कांस्टेबल विपिन कुमार, अमित और आशीष शर्मा की अहम भूमिका रही।