पिरान कलियर में बिजली-पानी संकट को लेकर एससी से लगाई गुहार
हरिद्वार । हरिद्वार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पिरान कलियर में लगातार हो रही बिजली कटौती और पानी संकट को लेकर एससी को एक शिकायत पत्र सौंपा गया है। शिकायत में बताया गया कि दरगाह क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों की संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, लेकिन क्षेत्र इन दिनों बिजली और पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
शिकायत पत्र के अनुसार, पिरान कलियर और आसपास के इलाकों में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली काटी जा रही है। भीषण गर्मी के मौसम में लगातार हो रही कटौती के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली न होने से नलकूप भी बंद पड़े हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि गर्मी और बिजली संकट के कारण छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और लोगों की रात की नींद तक प्रभावित हो रही है। वहीं स्थानीय व्यापारियों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।
शिकायतकर्ता मौसिम अली ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर क्षेत्र में नियमित बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय जनता और जायरीनों में भारी रोष उत्पन्न हो सकता है।






