ऑपरेशन कालनेमी के तहत कलियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 बहुरूपिए दबोचे
पिरान कलियर। कलियर क्षेत्र में हरिद्वार पुलिस ने "ऑपरेशन कालनेमी" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है, जो तांत्रिक और धार्मिक व्यक्तियों का छद्म वेश धारण कर आमजन की धार्मिक भावनाओं का फायदा उठा रहे थे। दरगाह शरीफ और आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए सत्यापन अभियान के दौरान इन लोगों को पकड़कर थाने लाया गया और उनसे विस्तृत पूछताछ की गई।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को भ्रमित कर आर्थिक लाभ कमाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति तांत्रिक, फकीर या अन्य धार्मिक स्वरूप का छलावा कर आमजन, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को गुमराह करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को पिरान कलियर पुलिस ने दरगाह शरीफ, सरायों, रैन बसेरों और टीन शेड वाले स्थानों पर व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। जांच के दौरान 40 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जो लोगों की व्यक्तिगत और घरेलू समस्याओं का समाधान कराने का झूठा भरोसा देकर धन उगाही कर रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में पुलिस एक्ट के तहत चालान किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान धार्मिक स्थलों से ऐसे नकारात्मक तत्वों को हटाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इससे पहले हर की पैड़ी क्षेत्र में भी इसी प्रकार का अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, सुनील चौहान, प्रकाश मनराल और सुबोध पुरोहित शामिल रहे।
धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वालों को चेतावनी
कलियर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने या भ्रमित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।






