लावारिस लाश का 8 घंटे में खुलासा, साथी ही निकला कातिल
हरिद्वार: कोतवाली नगर क्षेत्र में मायादेवी मंदिर पार्किंग के पास मिली लावारिस लाश के मामले में हरिद्वार पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 25 मार्च 2025 को स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि पार्किंग क्षेत्र में दो लोगों के बीच झगड़ा हो रहा है, जिसमें एक युवक दूसरे के सिर पर पत्थर से वार कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए ललतारा पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजीव पुत्र नरेश निवासी सिरसी रहमतपुर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने खुलासा किया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी और पेड़ के नीचे सो रहे थे। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान मृतक ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। कई बार मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान, उपनिरीक्षक संजीत कंडारी और कांस्टेबल निर्मल रांगड़ शामिल रहे।





