मकड़ा गैंग पर पुलिस का शिकंजा: हुड़दंग मचाने वाले 5 युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया वीडियो भी खंगाले गए
हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए श्यामपुर क्षेत्र में सक्रिय “मकड़ा गैंग” पर बड़ा प्रहार किया है। थाना श्यामपुर पुलिस ने हुड़दंग मचाकर क्षेत्र का माहौल खराब करने वाले 5 युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस को 23 मई 2026 को सूचना मिली कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिल और कारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर गैंग के रूप में घूम रहे हैं तथा लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग कर कानून व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने वाहनों पर “मकड़ा” चिन्ह का इस्तेमाल कर गैंग की पहचान बना रहे थे। सोशल मीडिया की जांच के दौरान कई आपत्तिजनक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनमें युवक गैंगस्टाइल गतिविधियों और हुड़दंग करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले ऐसे गैंगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और थाना स्तर पर इनके रिकॉर्ड तैयार किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी
मोहित पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम कांगड़ी
देव पुत्र संजीत निवासी ग्राम कांगड़ी
सन्नी पुत्र प्रमोद निवासी ग्राम कांगड़ी
परवेज पुत्र विद्या रत्न निवासी ग्राम कांगड़ी
योगेश शर्मा पुत्र मोहन शर्मा निवासी ग्राम कांगड़ी
सभी आरोपी थाना श्यामपुर क्षेत्र, जनपद हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम में शामिल रहे
उपनिरीक्षक रविंद्र गोड़
हेड कांस्टेबल विकास भट्ट
हेड कांस्टेबल बृजमोहन सिंह
हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह
हरिद्वार पुलिस ने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वे गैंगबाजी और सोशल मीडिया पर गलत प्रभाव दिखाने के बजाय पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।






