हरिद्वार में “ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा वार: 15.37 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.37 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। मामले में “रहमान उर्फ मोटा भाई” नाम के एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि हरिद्वार में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। एसएसपी के निर्देश पर शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस टीम टिबड़ी रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम को शक होने पर पीछा कर दोनों को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आजाद पुत्र इकबाल निवासी घिस्सुपुरा थाना पथरी और शौकीन पुत्र जामिन निवासी घिस्सुपुरा थाना पथरी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आजाद के पास से 7.20 ग्राम और शौकीन के कब्जे से 8.17 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे यह स्मैक “रहमान उर्फ मोटा भाई” से खरीदकर लाए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल, अपर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल रमेश सिंह शामिल रहे।






