"मंगलौर में विरोध की गूंज: खामेनई की मौत की खबर पर शिया समुदाय सड़कों पर, अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी, (देखें वीडियो)..
रुड़की: रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में उस समय माहौल गरमा गया जब आयतुल्लाह सैयद अली हुसैनी ख़ामेनई की कथित मौत की खबर सामने आई। खबर के बाद शिया समुदाय के लोगों ने मोहल्ला पठानपुरा स्थित बड़े इमामबाड़ा में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं समेत हजारों लोग शामिल हुए और घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

धार्मिक नेतृत्व और “शहादत” का दावा....
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खामेनई केवल ईरान के सर्वोच्च नेता ही नहीं, बल्कि विश्वभर के शिया समुदाय के लिए एक प्रमुख धार्मिक मार्गदर्शक और प्रभावशाली व्यक्तित्व थे। समुदाय के लोगों ने उनकी मृत्यु को “शहादत” करार देते हुए कहा कि उनके विचार और नेतृत्व हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।

अमेरिका पर लगाए गंभीर आरोप.....
प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास में अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठती रही है और आज भी किसी प्रकार के जुल्म को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्याय के आधार पर कोई भी शक्ति लंबे समय तक कायम नहीं रह सकती।

गंगा-जमुनी तहजीब और शांति की अपील....
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने भारत सरकार से देश में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की गंगा-जमुनी तहजीब को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए और लोगों से संयम व सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

प्रशासन की कड़ी निगरानी....
कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की पैनी नजर रही। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर दिल्ली, लखनऊ और कश्मीर समेत देश के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन और सभाओं की खबरें सामने आई हैं, जहां प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।


Chief Editor 



