देहरादून में रिश्वतखोरी पर बड़ा वार: RTE फीस घोटाले में दो अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून में रिश्वतखोरी पर बड़ा वार: RTE फीस घोटाले में दो अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून। शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार करते हुए सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने RTE के तहत फीस प्रतिपूर्ति के नाम पर रिश्वत लेने वाले अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है और कर्मचारियों में खौफ का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षा के अधिकार (RTE) योजना के तहत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत सतर्कता विभाग को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए देहरादून विजिलेंस टीम ने मामले की गुप्त जांच शुरू की, जिसमें आरोप सही पाए गए।

जांच के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और उनकी सहयोगी पुष्पांजलि को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विजिलेंस विभाग अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और इससे जुड़े अन्य संभावित कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।

इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। शिक्षा विभाग में इस घटना के बाद अफसरों और कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई है।