"महंत हत्याकांड का खुलासा: रिश्तों की आड़ में रची कत्ल की साजिश, सबूत जलाए, तीन आरोपी सलाखों के पीछे..

"महंत हत्याकांड का खुलासा: रिश्तों की आड़ में रची कत्ल की साजिश, सबूत जलाए, तीन आरोपी सलाखों के पीछे..

हरिद्वार: जिले के भगवानपुर क्षेत्र में एक महंत की गुमशुदगी का मामला हत्या में तब्दील होने से सनसनी फैल गई। रविदास आश्रम में रहने वाले महंत बृजेश दास की तलाश में जुटी पुलिस ने जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा करते हुए एक दंपत्ति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मानसिक और आर्थिक विवाद के चलते महंत की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को नदी में बहाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में थाना भगवानपुर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने मामले की गहन जांच करते हुए हत्याकांड का पर्दाफाश किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का शव, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक ग्राम मोहम्मद बेगपुर उर्फ टकाभरी निवासी श्याम सिंह ने 10 फरवरी को कोतवाली भगवानपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रविदास आश्रम में रहने वाले महंत बृजेश दास 5 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की।

तफ्तीश के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनसे पता चला कि महंत का संपर्क बागपत निवासी एक महिला से था। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महिला और उसके पति से पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी साजिश उजागर हो गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महंत का महिला के घर आना-जाना था। महिला ने आरोप लगाया कि महंत द्वारा मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किए जाने से तंग आकर उसने उसे घर बुलाया, जहां पहले से बनाई योजना के तहत महिला के पति ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने अपने भाई की मदद से शव और मोटरसाइकिल को रात के समय नदी में बहा दिया।

घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े, चादर, गद्दा व अन्य सामान को जलाकर नष्ट करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नदी किनारे से शव बरामद करने के साथ ही भूसे में छिपाई गई कुल्हाड़ी, मोबाइल के अधजले हिस्से और जले कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी....
संजीव पुत्र स्व. रामपाल निवासी ग्राम गांगनौली थाना दोघट जिला बागपत (उ.प्र.)
संजीव की पत्नी (नाम गोपनीय)
जोगेन्द्र पुत्र स्व. रामपाल, वर्तमान निवासी सोनीपत हरियाणा

पुलिस टीम....
प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, उपनिरीक्षक नीरज रावत, उपनिरीक्षक बालाराम जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल संजीव यादव, कांस्टेबल उवैदउल्लाह, कांस्टेबल संजय पंवार, महिला कांस्टेबल अनुपमा तथा कांस्टेबल महिपाल (सीआईयू रुड़की) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।