"देहरादून में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट में सनसनी — प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश पर पुलिस की नजर, (देखें वीडियो)..

देहरादून: राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में एक युवक की हत्या कर दी गई। बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। जानकारी के अनुसार अर्जुन बुधवार सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने पहुंचे थे। इसी दौरान तिब्बती मार्केट के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पहले भी मिल चुकी थी जान से मारने की धमकी........
परिजनों और करीबियों के मुताबिक अर्जुन शर्मा को पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। अर्जुन के साथ लंबे समय से काम कर रहे विजय नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उनका विजय उनियाल के साथ संपत्ति को लेकर करीब 40 से 42 करोड़ रुपये का लेनदेन विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उन्हें पूर्व में भी धमकियां मिली थीं। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व अर्जुन की मां से दो फ्लैट का सौदा भी हुआ था।

परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे......
अर्जुन शर्मा का घर वसंत विहार क्षेत्र में आईटीबीपी के पास बताया जा रहा है। परिवार में पत्नी के अलावा करीब साढ़े चार साल का बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां ने बेटे से खतरा बताकर ली थी सुरक्षा
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के चलते अर्जुन की मां ने अपने ही बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की हुई थी।

एसएसपी बोले— सभी एंगल से जांच......
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।