नशे की दलदल में उतरा ड्राइवर, “जल्दी पैसा कमाने” की चाह में बना स्मैक तस्कर

नशे की दलदल में उतरा ड्राइवर, “जल्दी पैसा कमाने” की चाह में बना स्मैक तस्कर
पिरान कलियर। हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” और “नशा मुक्त देवभूमि-2026” अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की 5.85 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिरान कलियर पुलिस ने मुकर्रबपुर बस्ती क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान वसीम पुत्र रहीश निवासी झोझोवाली मस्जिद, कस्बा कलियर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह नशा करने वालों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक इकट्ठा करता था और फिर उसे अधिक दामों में क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और नशेड़ियों को बेच देता था। आरोपी ने कबूल किया कि ड्राइवरी का काम करने के बावजूद कोर्ट-कचहरी के खर्चे, वकीलों की फीस, नशे की लत और निजी खर्च पूरे करने के लिए उसने स्मैक तस्करी का रास्ता अपना लिया। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की लालच उसे अपराध की दुनिया में खींच लाई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।
पिरान कलियर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उप निरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल प्रकाश मनराल तथा होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।