अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस — लँढौरा में संयुक्त कार्रवाई, 3 डम्पर सीज कर प्रशासन का सख्त संदेश..

अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस — लँढौरा में संयुक्त कार्रवाई, 3 डम्पर सीज कर प्रशासन का सख्त संदेश..

रुड़की: लँढौरा क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी Mayur Dixit के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत अवैध खनन सामग्री का परिवहन करते हुए तीन डम्परों को पकड़कर मौके पर ही सीज कर दिया गया।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र लँढौरा क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में जिला खनन अधिकारी हरिद्वार की टीम, नायब तहसीलदार रुड़की, नायब तहसीलदार मंगलौर व लँढौरा क्षेत्र के लेखपाल ने समन्वित रूप से छापेमारी की।

अभियान के दौरान तीन डम्पर अवैध खनन सामग्री का परिवहन करते पाए गए। जांच के दौरान चालक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके और अवैध खनन में संलिप्तता पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को सीज कर दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन व अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।