"नाबालिग को बहला फुसलाकर ले जाने वाला दुष्कर्मी गिरफ्तार, एक महीने से दे रहा था पुलिस को चकमा..
मंगलौर: हरिद्वार पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब एक माह से पुलिस को चकमा दे रहे आरोपी को दबोचते हुए पुलिस ने अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पोक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्रवाई जारी है।

कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के दिन से ही फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा विशेष पुलिस टीम का गठन कर उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी बसन्त पुत्र राकेश निवासी ग्राम मुण्डलाना, मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग को भी बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मामले में पोक्सो अधिनियम की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक नीलम, कांस्टेबल अंकित व होमगार्ड मेनपाल शामिल रहे।


Chief Editor 



