Haridwar लूट की रकम लेकर भागने की फिराक में थे बदमाश, हरिद्वार पुलिस ने काट दिए रास्ते..

Haridwar  लूट की रकम लेकर भागने की फिराक में थे बदमाश, हरिद्वार पुलिस ने काट दिए रास्ते..

हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस की सक्रियता और सटीक रणनीति ने एक बार फिर अपराधियों को आइना दिखा दिया है। बहादराबाद थाना क्षेत्र में सेल्समैन से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अन्तर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े इन अपराधियों के कब्जे से भारी मात्रा में लूटी गई नकदी, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जिससे पूरे गिरोह की पोल खुल गई है।

घटना ने बढ़ाई चिंता, कप्तान ने संभाली कमान.....
30 दिसंबर को शान्तरशाह क्षेत्र में हुई लूट की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया था। मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीआईयू और बहादराबाद थाना पुलिस को साथ लेकर विशेष टीम गठित कराई और स्पष्ट आदेश दिए कि वारदात का जल्द से जल्द खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। पूरे अभियान की निगरानी एएसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी द्वारा की गई।

सीआईयू–थाना पुलिस की जुगलबंदी से टूटी बदमाशों की चाल.....
एसएसपी के निर्देशों के बाद सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को कई स्तरों पर आगे बढ़ाया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी इनपुट जुटाए गए और संभावित रास्तों पर लगातार निगरानी रखी गई। मैनुअल और डिजिटल पुलिसिंग के समन्वय ने आखिरकार बदमाशों की गतिविधियों का पूरा खाका पुलिस के सामने रख दिया।

तमंचे के बल पर दिया गया था लूट को अंजाम....
जांच में सामने आया कि 30 दिसंबर को जगजीतपुर स्थित देशी शराब के ठेके से कैश लेकर रुड़की जा रहे सेल्समैन कृष्णा राणा को पतंजलि रिसर्च सेंटर के पास रोका गया। दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसका बैग छीना और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें बाद में हथियार के इस्तेमाल के चलते गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।

मुखबिर की सूचना बनी गिरफ्तारी की चाबी.....
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को निर्णायक सफलता उस वक्त मिली जब मुखबिर की सूचना पर नहर पटरी, तिरछापुल के पास दबिश दी गई। यहां से श्रवण गिरि और प्रणव नाम के दो शातिर अपराधियों को धर दबोचा गया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गई थी।

जुर्म की दुनिया के पुराने खिलाड़ी......
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर खुलासा हुआ कि पकड़े गए दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। श्रवण गिरि के खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रणव भी कई लूट और आपराधिक मामलों में नामजद रहा है। पूछताछ में गिरोह के दो अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

लूट का माल बरामद, पुलिस टीम की मेहनत रंग लाई......
पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹4 लाख 06 हजार नकद, लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन, 315 बोर का तमंचा मय कारतूस और चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस सफलता में बहादराबाद थाना पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम की भूमिका अहम रही।

अपराध पर जीरो टॉलरेंस का साफ संदेश.....
इस कार्रवाई के बाद हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में पुलिस की सतर्कता और सतत कार्रवाई से अपराधियों का नेटवर्क लगातार कमजोर हो रहा है, जिससे आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ है।

इस ऑपरेशन में शामिल रही पुलिस टीम.....
इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में थाना बहादराबाद पुलिस टीम और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम शामिल रही।
थाना बहादराबाद पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, उपनिरीक्षक उमेश कुमार, जगमोहन सिंह, करम सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह, कांस्टेबल बलवंत, मुकेश नेगी, गम्भीर तोमर और विवेक गुसाईं शामिल रहे।
वहीं सीआईयू हरिद्वार से प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट के साथ कांस्टेबल वसीम, उमेश, नरेंद्र और मनोज ने अहम भूमिका निभाई।