रामनगर की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, सुराज सेवा दल ने प्रशासन को घेरा... (देखे विडियो)
हल्द्वानी/रामनगर: कुमाऊं क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर सुराज सेवा दल ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए रामनगर में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस दौरान स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में संगठन के पदाधिकारियों ने काशीपुर–रामनगर हाईवे की जर्जर हालत, शहर में लगातार बढ़ते जाम, नशे के फैलाव, खराब स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और सफाई व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप है कि ये समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित बिना किसी प्रचार-प्रसार के जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में गैस एजेंसियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जबकि नैनीताल जनपद में ऐसी सक्रियता नजर नहीं आती।
संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्षा कीर्ति दुमका ने क्षेत्र में बढ़ते नशे को गंभीर खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि हरिद्वार मॉडल की तरह नैनीताल में भी बिना दिखावे के जमीनी स्तर पर काम करने की आवश्यकता है, ताकि आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।





