मंगलौर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: शराब की महफ़िल में 20 हजार के लिए दोस्त बना कातिल

मंगलौर ।  कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में नहर पटरी मार्ग पर पुराने पीर के पास मिले शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। 17 फरवरी 2026 को मिले इस शव की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई थी। मृतक के सिर पर पत्थर से कुचले जाने के गंभीर निशान पाए गए थे, जिसके बाद हत्या की आशंका में मुकदमा दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।

ऐसे खुली वारदात की गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन सुबह मृतक एक अज्ञात युवक के साथ मोटरसाइकिल पर घटनास्थल की ओर गया था। सीसीटीवी व मैनुअल सर्विलांस के आधार पर संदिग्ध की तलाश करते हुए पुलिस ने देवबंद तिराहे के पास एक युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनायक त्यागी (26 वर्ष) निवासी बरला थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (हाल पता सराय ज्वालापुर, हरिद्वार) बताया और हत्या की वारदात कबूल कर ली।

शराब, लालच और हत्या
आरोपी ने बताया कि 17 फरवरी को वह रुड़की में अपने घर जाने के लिए इंतजार कर रहा था। शराब पीने की इच्छा होने पर वह बस अड्डे के पास देशी शराब के ठेके पर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात प्रदीप से हुई। ठेका बंद होने के कारण दोनों रामपुर चुंगी स्थित ठेके से शराब लेकर नहर पटरी के पास बाग में बैठकर पीने लगे।
इसी दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास नगदी है। पैसों की तंगी और लालच में उसने नशे में धुत प्रदीप का पहले गला दबाया और फिर पास पड़े पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद वह मृतक की जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।


 बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
हत्या में प्रयुक्त पत्थर
लूटी गई 20,000 रुपये की नगदी
खून से सनी जैकेट
बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही जारी है।


👮 पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम की सतर्कता और सटीक जांच का परिणाम है। कप्तान नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में पूरी घटना का राजफाश करते हुए टीम की सराहना की।