सड़क सुरक्षा को लेकर हरिद्वार पुलिस सख्त

सड़क सुरक्षा को लेकर हरिद्वार पुलिस सख्त
हरिद्वार। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत रविवार को एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाया गया।

इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा मौके पर ही हेलमेट पहनाकर भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन में जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का नियमानुसार विनिष्टीकरण भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को संदेश देते हुए कहा कि रेट्रो साइलेंसर और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न केवल नियमों के विरुद्ध है बल्कि इससे आम जनता को भी परेशानी होती है। भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात व्यवस्था के लिए 07 मॉडिफाइड बाइक को दिखाई हरी झंडी
पुलिस मुख्यालय द्वारा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई 07 मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को भी एसएसपी हरिद्वार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों की मदद से पुलिस टीम किसी भी सूचना पर तेजी से मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई कर सकेगी।

हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की अपील
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है।

इस अवसर पर एसपी क्राइम, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ कनखल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।