Haridwar:- पार्किंग शुल्क पर मौत का तांडव: हरियाणा से आए युवकों ने ड्यूटी कर रहे पार्किंग मैनेजर को कार से कुचला..

Haridwar:- पार्किंग शुल्क पर मौत का तांडव: हरियाणा से आए युवकों ने ड्यूटी कर रहे पार्किंग मैनेजर को कार से कुचला..

हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार में पार्किंग शुल्क को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। हरियाणा से आए दो पर्यटकों ने पार्किंग मैनेजर को कार से कुचल दिया, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक सोनीपत (हरियाणा) निवासी विशाल और सूरज कार से हरिद्वार पहुंचे थे। दोनों ने रोड़ी बेलवाला स्थित पार्किंग में वाहन खड़ा कर हरकी पैड़ी दर्शन किए। लौटने के बाद जब पार्किंग कर्मचारियों ने तय शुल्क मांगा तो दोनों युवक भड़क गए और कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि शुल्क देने से इनकार करते हुए दोनों युवकों ने बैरियर तोड़कर कार निकालने की कोशिश की। इसी दौरान उन्हें रोकने के लिए आगे आए पार्किंग मैनेजर सहदेव सिंह निवासी बोंगला, बहादराबाद को आरोपियों ने जानबूझकर कार से कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सहदेव सिंह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सहदेव सिंह की मौत की खबर से परिजनों और पार्किंग कर्मचारियों में कोहराम मच गया।

घटना के बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने आरोपियों की कार में तोड़फोड़ कर दी। इसी दौरान मौके पर अफरा-तफरी फैल गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बाद में वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शहर कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।