अंकिता भंडारी हत्याकांड: वायरल ऑडियो केस में उर्मिला सनावर ने जमा किया मोबाइल, सुरेश राठौर ने बीमारी का दिया हवाला..

हरिद्वार! अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप प्रकरण में मंगलवार को रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में खासा घटनाक्रम देखने को मिला। अभिनेत्री उर्मिला सनावर कोर्ट के निर्देशानुसार अपना मोबाइल फोन जमा कराने कोर्ट पहुंचीं, जहां उनकी उपस्थिति दर्ज कर मोबाइल न्यायालय के सुपुर्द किया गया।


मामले में नामजद पूर्व विधायक सुरेश राठौर कोर्ट में पेश नहीं हो सके। उन्होंने दस्त की शिकायत का हवाला देते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर समय मांगा है। कोर्ट ने उनकी एप्लीकेशन को रिकॉर्ड पर लेते हुए आगामी सुनवाई की तिथि नियत कर दी।
सुनवाई के दौरान किसी भी संभावित अव्यवस्था से निपटने के लिए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त की जाती रही और पूरे परिसर पर कड़ी नजर रखी गई।


मामले के विवेचक इंस्पेक्टर आरके सकलानी, इंस्पेक्टर योगेश दत्त एवं सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा अपने-अपने पुलिस दल के साथ कोर्ट में मौजूद रहे। उन्होंने मोबाइल जमा कराने की प्रक्रिया के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी संभाला।


सूत्रों के मुताबिक, मामले में दोनों पक्षों के आवाज के सैंपल न्यायालय में लिए जाएंगे, जिनकी फॉरेंसिक जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी। कोर्ट ने सभी तथ्यों को संज्ञान में लेते हुए अगली सुनवाई की तारीख निर्धारित कर दी है।