एक क्लिक में 7.5 लाख पेंशनर्स को राहत: मुख्यमंत्री धामी ने जारी किए 111 करोड़ से अधिक

उत्तराखंड। उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को पेंशन वितरण की प्रक्रिया को और मजबूत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले 7 लाख 56 हजार 682 से अधिक पेंशनर्स के खातों में एक क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन ट्रांसफर की।

इस दौरान कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। इस भुगतान में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल रहीं।

सरकार का लक्ष्य – अंतिम व्यक्ति तक पहुंच:
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार “अंत्योदय” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेंशन से वंचित पात्र लोगों को जोड़ने के लिए राज्यभर में विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके चलते हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश:
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि: बहुउद्देशीय कैम्प लगातार आयोजित किए जाएं 59 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों का सर्वे किया जाए 60 वर्ष पूरा होते ही पात्र लोगों को तुरंत पेंशन का लाभ मिले योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए साथ ही उन्होंने नवाचार अपनाने और कॉल सेंटर के जरिए पेंशनर्स से सीधा संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।

मंत्री का बयान:
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।