गंगनहर किनारे बाग में मौत का रहस्य.! मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस..
रुड़की: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे स्थित एक बाग में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव और उसके पास खड़ी मोटरसाइकिल ने घटना को और रहस्यमय बना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को स्थानीय लोगों ने गंगनहर किनारे बाग में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मौके से बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है।
मंगलौर सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही मृतक की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


Chief Editor

