Uttarakhand:- भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का वार, होमगार्ड वर्दी घोटाले में डीआईजी सस्पेंड..
देहरादून। उत्तराखंड में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग से जुड़े वर्दी खरीद घोटाले ने तूल पकड़ लिया है। एक करोड़ रुपये की वर्दी सामग्री को कथित तौर पर तीन करोड़ रुपये में खरीदे जाने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट/डीआईजी) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए संयुक्त जांच समिति के गठन के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी खरीद से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी करते हुए वर्दी सामग्री की खरीद अत्यधिक दरों पर की गई। महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और तय मानकों के उल्लंघन की पुष्टि की गई है।
रिपोर्ट सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने बिना देरी किए कड़ा कदम उठाया और निलंबन के साथ संयुक्त समिति से पूरे मामले की परत-दर-परत जांच कराने के निर्देश दिए। समिति द्वारा खरीद दरों, टेंडर की शर्तों, प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी। जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी पद पर क्यों न हों।


Chief Editor

