हज यात्रा के नाम पर बड़ा फ्रॉड: 40 लोगों से लाखों की ठगी, एजेंट फरार

हज यात्रा के नाम पर बड़ा फ्रॉड: 40 लोगों से लाखों की ठगी, एजेंट फरार

रुड़की। हज यात्रा पर भेजने का झांसा देकर करीब 40 लोगों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बंदा रोड निवासी अब्दुल समद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह हज यात्रा पर जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कंपनी के एजेंट से हुई।

 एजेंट ने उसे 1.11 लाख रुपये में हज यात्रा कराने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने करीब दो माह पहले तय रकम उसे दे दी। पीड़ित का आरोप है कि एजेंट ने उसके अलावा करीब 40 अन्य लोगों से भी हज यात्रा के नाम पर लाखों रुपये वसूले। जब हाल ही में यात्रियों ने यात्रा की तैयारी और रवाना करने के बारे में जानकारी ली तो एजेंट ने ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव का हवाला देते हुए यात्रा कराने से इनकार कर दिया।


आरोप है कि जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो एजेंट ने कुछ दिन बाद पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। इससे सभी पीड़ितों में रोष है और वे अपने पैसे वापस पाने के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे हैं।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।