Haridwar:- पतंग की एक डोर ने मासूम को भटका दिया, सिडकुल पुलिस ने लौटाई परिवार की खुशियाँ, (देखें वीडियो)..

हरिद्वार। नन्हे कदमों से निकला एक मासूम, हाथों में पतंग लूटने का सपना और मन में खेल की मस्ती—लेकिन एक पल में वही खेल उसके लिए डर और आंसुओं में बदल गया। सात साल का जतिन खेलते-खेलते घर से इतनी दूर निकल गया कि रास्ता ही भूल बैठा। अपनों से बिछुड़ने की घबराहट में जब उसकी आंखें भर आईं, तब सिडकुल पुलिस उसके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई।

थाना सिडकुल क्षेत्र अंतर्गत चौहान मार्केट में एक 07 वर्षीय बालक रोते हुए मिला। मौके पर मौजूद कांस्टेबल चेतन, कांस्टेबल रोहित कुमार एवं कांस्टेबल जितेंद्र तोमर ने तत्परता दिखाते हुए बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसे ढांढस बंधाया।

पूछताछ में बालक ने अपना नाम जतिन पुत्र कपिल कुमार, उम्र 07 वर्ष, निवासी धनोरी मिल, थाना अमरोहा देहात, जनपद अमरोहा (उत्तर प्रदेश) बताया। बालक ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर आया हुआ था और बच्चों के साथ खेलते-खेलते पतंग लूटने के लिए आगे निकल गया, जिससे रास्ता भटक गया और वह अपने परिजनों से बिछुड़ गया।

पुलिस टीम द्वारा तत्काल बालक के परिजनों की तलाश शुरू की गई। रावली महदूद और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में गली-गली खोजबीन की गई, लेकिन परिजन नहीं मिल सके। इसी दौरान थानाध्यक्ष सिडकुल को टेलीफोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक 07 वर्षीय बालक जतिन के परिजन थाना सिडकुल पर मौजूद हैं।

परिजनों द्वारा उपलब्ध कराई गई फोटो का बालक से मिलान करने पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल बालक को थाना सिडकुल लाया गया, जहां उसे उसके परिजनों से सही सलामत मिलवाया गया। आवश्यक औपचारिकताओं के उपरांत बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने लाडले को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में राहत और चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। परिजनों ने सिडकुल पुलिस एवं हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना की।