गणतंत्र दिवस पर हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी, पुरस्कारों और उपलब्धियों से चमका महकमा..
हरिद्वार: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने पूरे पुलिस महकमे को गौरवान्वित कर दिया। पुलिस लाइन रोशनाबाद से लेकर जनपद के प्रत्येक थाना परिसर तक राष्ट्रीय पर्व पूरे उल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित कर उनके हौसले नई ऊँचाइयों तक पहुँचाए गए।
पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित क्वार्टर गार्ड में आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र डोबाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्य पालन की शपथ दिलाई। समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित अधिकारियों व जवानों के नाम मंच से घोषित किए गए और उनके योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की गई।
इसी क्रम में पुलिस कार्यालय हरिद्वार में पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र मेहरा द्वारा भी ध्वजारोहण किया गया तथा पुलिसकर्मियों को गणतंत्र की मर्यादा और सेवा भाव की शपथ दिलाई गई। जनपद के समस्त थाना कार्यालयों में भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया।
सेवा, साहस और समर्पण को मिला सम्मान.....
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरिद्वार जनपद में तैनात कुल 11 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को उनके सराहनीय एवं विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ (सेवा के आधार पर):
सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, पुलिस उपाधीक्षक, हरिद्वार
पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ (सेवा के आधार पर):
पूर्ण सिंह रावत, मुख्य आरक्षी, हरिद्वार
पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ (विशिष्ट कार्य हेतु):
जितेंद्र चौधरी, एसपी हरिद्वार
निशा यादव, एसपी हरिद्वार
अभय कुमार, एसपी सिटी हरिद्वार
शांति कुमार, निरीक्षक, हरिद्वार
दीप गौड़, आरक्षी
राहुल आर्य, आरक्षी
ललित मोहन बिष्ट, आरक्षी
इसके अलावा हर्षिल एवं थराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान साहसिक एवं उत्कृष्ट कार्य करने पर विवेक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक व प्रदीप बिष्ट, निरीक्षक को भी पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ से नवाजा गया।
ज्वालापुर कोतवाली बनी प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ थाना....
गणतंत्र दिवस पर हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी उपलब्धि मिली। जनपद की कोतवाली ज्वालापुर को उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया। इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा को राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।


Chief Editor

