हरिद्वार में टेंट हाउस बना आग का गोदाम, विकराल लपटों से दहला बैरागी कैंप..
हरिद्वार: बैरागी कैंप क्षेत्र उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का केंद्र बन गया, जब प्रकाश टेंट हाउस में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने ऐसा विकराल रूप धारण कर लिया कि आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घनी आबादी के बीच लगी इस आग से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। टेंट हाउस में रखे ज्वलनशील सामान ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे लपटें तेजी से फैलती चली गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए आसपास की दुकानों और रिहायशी मकानों को एहतियातन खाली कराया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लगातार पानी की बौछारों के बावजूद स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात मानी जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Chief Editor

