वोट की चोरी लोकतंत्र पर सीधा हमला, जनता के वोट की हिफाज़त के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा: मौसम अली
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
मुजफ्फरनगर। चुनावी प्रक्रिया में कथित “वोट चोरी” के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को मुजफ्फरनगर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रोड शो निकालकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला फूंकने और पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, अंबेडकर वाहिनी एवं जिला हरिद्वार, पिरान कलियर शरीफ निवासी मौसम अली ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत बुनियाद जनता का वोट है। यदि किसी भी स्तर पर मतदाता के अधिकार के साथ खिलवाड़ होता है या वोट के अधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है, तो यह केवल किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र का सवाल है।

मौसम अली ने कहा कि मुजफ्फरनगर की सड़कों से उठी आवाज केवल एक जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि उन करोड़ों मतदाताओं की आवाज है, जो अपने मताधिकार के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था चाहते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के वोट की ताकत और संविधान की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की पहली आवश्यकता है। यदि जनता के मन में चुनाव व्यवस्था को लेकर कोई सवाल उठता है, तो संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि उन सवालों का स्पष्ट और संतोषजनक जवाब दिया जाए।
मौसम अली ने कहा कि समाजवादी पार्टी का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जनता के मत की सुरक्षा के लिए है।

उन्होंने कहा कि जिस वोट से सरकारें बनती हैं, उस वोट की हिफाजत हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने मुजफ्फरनगर में आयोजित विरोध-प्रदर्शन को लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की आवाज बताते हुए कहा कि जनता के वोट पर किसी भी प्रकार का सवाल उठेगा तो समाजवादी पार्टी मजबूती के साथ उसके खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
— मौसम अली
राष्ट्रीय सचिव, अंबेडकर वाहिनी, समाजवादी पार्टी
जिला हरिद्वार, पिरान कलियर शरीफ