कार रोकने पर चालक ने होमगार्ड पर चढ़ाने का किया प्रयास, पीछा करने पर हमला कर फरार; ज्वालापुर में हादसे में ऑटो चालक का हाथ कटा
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। जिले में सोमवार को सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को दहला दिया। बहादराबाद में टक्कर मारकर भाग रहे कार चालक को रोकने की कोशिश कर रहे होमगार्ड जवान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में जवान के बाएं हाथ का अंगूठा कट गया। वहीं, ज्वालापुर में तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर ऑटो और चार कारों से जा भिड़ी। हादसे में ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग हो गया।

कार रोकने की कोशिश पर होमगार्ड पर चढ़ाने का प्रयास
पुलिस के अनुसार बेलड़ा, रुड़की निवासी होमगार्ड संजीव कुमार हरिलोक तिराहे पर यातायात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार हाईवे पर एक वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी। चालक ने हरिलोक तिराहे पर भी एक कार को टक्कर मार दी संजीव कुमार ने कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि चालक ने उनके ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद होमगार्ड ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने कार का पीछा करते हुए उसे बहादराबाद में ख्याति ढाबा तिराहे के पास रोक लिया।

पुलिस के रोकने पर भी नहीं रुका चालक, होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला
कार रुकने की सूचना मिलने पर होमगार्ड संजीव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चालक को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोप है कि चालक ने धारदार हथियार निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में संजीव कुमार के बाएं हाथ का अंगूठा कट गया। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।

पीड़ित होमगार्ड की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर बहादराबाद अमरजीत सिंह के अनुसार वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

ज्वालापुर में बेकाबू बस ने ऑटो और चार कारों को मारी टक्कर
वहीं, ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर ऑटो और चार कारों से जा भिड़ी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर, ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका हाथ कटकर अलग हो गया। घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पहले ऑटो को मारी टक्कर, फिर चार कारों को चपेट में लिया
पुलिस के अनुसार निजी बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। दुर्गा चौक के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सबसे पहले ऑटो को टक्कर मार दी। इसके बाद बस सड़क किनारे खड़ी चार कारों से जा भिड़ी। हादसे में सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। दुर्घटना एक निजी अस्पताल के बाहर हुई। गनीमत रही कि हादसे के समय अस्पताल के बाहर ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर और हाल निवासी सीतापुर, ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बस को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो हादसों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
हरिद्वार में एक ही दिन सामने आई इन दोनों घटनाओं में जहां एक ओर कार चालक पर होमगार्ड पर वाहन चढ़ाने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है, वहीं दूसरी ओर बेकाबू बस की चपेट में आने से ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।