रुड़की में अवैध असलहों के साथ दो युवक गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चल रही सघन चेकिंग के दौरान कोतवाली रुड़की पुलिस ने दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि नए लड़कों का इस तरह अवैध असलहों के प्रति आकर्षित होना चिंता का विषय है। पुलिस अपना काम करेगी ही, लेकिन अभिभावकों की भी यह जिम्मेदारी बन जाती है कि वे अपने बच्चों की हरकतों पर ध्यान दें।

पुलिस के मुताबिक, 6/7 अक्टूबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। पूछताछ में उसकी पहचान अक्षित शर्मा निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इसके अलावा पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से रोहित सैनी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ में दोनों युवकों ने एक ही सप्लायर से तमंचा, पिस्टल और कारतूस खरीदने की जानकारी दी। पुलिस पूछताछ में प्रकाश में आए कथित सप्लायर की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया संदिग्ध खरीदी गई पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे आया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25(1-ख)(क) शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद अवैध शस्त्र और कारतूस को विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. अक्षित शर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
2. रोहित सैनी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
बरामदगी
32 बोर का तमंचा — 01
32 बोर की पिस्टल — 01
32 बोर की मैगजीन — 02
जिंदा कारतूस — 02
स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल — 01
मोबाइल फोन — 02
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी, कांस्टेबल रंग मोहन और कांस्टेबल अनिल शर्मा।