ऑनलाइन ठगी में गंवाई ₹1.07 लाख की रकम पुलिस ने कराई वापस (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
मंगलौर। ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा चुके सुहैल के लिए मंगलौर पुलिस की तत्परता राहत लेकर आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में गंवाई गई 1 लाख 7 हजार रुपये की पूरी रकम वापस करा दी। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित और उसके परिवार के चेहरे पर खुशी लौट आई। सुहैल ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में मंगलौर पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया। मंगलौर निवासी सुहैल ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि उसके साथ ऑनलाइन ₹1,07,000 की धोखाधड़ी हुई है।
इंस्पेक्टर भगवान मेहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से फ्रॉड से जुड़े संदिग्ध बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई तथा ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद ₹1.07 लाख की पूरी धनराशि पीड़ित सुहैल को वापस दिला दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर सुहैल ने राहत की सांस ली और मंगलौर पुलिस सहित हरिद्वार पुलिस का धन्यवाद किया।

मंगलौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराएं नहीं और बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें। समय पर शिकायत मिलने से बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन पर त्वरित कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।